किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री
– शारदीय (खरीफ) महाभियान, 2026 को लेकर कृषि मंत्री ने की समीक्षा बैठक
पटना, 26 मई।
राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि व्यवस्था को आधुनिक बनाने और खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदलने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। सरकार की प्राथमिकता किसानों को तकनीक, बाजार और पारदर्शी व्यवस्था से जोड़ना है ताकि कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाया जा सके। ये बातें कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को मीठापुर स्थित कृषि विभाग में शारदीय (खरीफ) महाभियान, 2026 को लेकर समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि लैब से लेकर लैंड तक वैज्ञानिक किसानों के साथ मिलकर काम करने की तैयारी करें, जिससे किसानों को अपनी फसलों का भरपूर लाभ मिल सके और वे जैविक खेती को बढ़ावा दे सकें, जिससे पर्यावरण को फायदा तो हो ही, हमारी मिट्टी भी स्वस्थ और समृद्ध बने।
राज्य में फार्मर रजिस्ट्री अभियान शुरू किया गया है, जिससे किसानों का डाटा व्यवस्थित होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचेगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार में आधुनिक खेती, सिंचाई, जैविक कृषि तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन की दिशा में भी कार्य कर रही है।
किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों से किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है।


